Home Chandrapur वरोरा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने के लिये रेलवे जन संवाद

वरोरा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने के लिये रेलवे जन संवाद

2

रेल जनसंवाद में उठे अहम मुद्दे ; ब्रिटिशकालीन पुलिया के विस्तार के साथ नए अंडरपास की मांग

                 राजेंद्र मर्दाने / ओशनिक न्यूज

वरोरा : यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं एवं सुझावों से रूबरू होने के उद्देश्य से मध्य रेल के नागपुर मंडल द्वारा २२ अक्टूबर को वरोरा रेलवे स्टेशन पर रेलवे जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. मुख्य नोडल अधिकारी तथा सहायक मंडल अभियंता सुबोध कुमार की प्रमुख उपस्थिति में रेलवे स्टेशन के टिकटघर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में यात्रियों ने विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए सुविधाओं में सुधार की मांग की.
कार्यक्रम में वरोरा रेलवे स्टेशन प्रबंधक चेतन मीना, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता राकेश कुमार तथा वाणिज्य पर्यवेक्षक प्रमोद देवतले प्रमुखता से उपस्थित थे.
रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों से स्टेशन की स्वच्छता, खाद्य सामग्री की उपलब्धता, पेयजल व्यवस्था, सुगम यात्रा तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में सुझाव आमंत्रित किए गए. इसके लिए सुझाव पत्र भरवाए गए, जिनके माध्यम से अनेक नागरिकों ने अपनी मांगें एवं समस्याएं लिखित रूप में रेलवे अधिकारियों के समक्ष रखीं.
इस अवसर पर रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष तथा वर्तमान पार्षद बंडू देऊलकर, वरोरा – भद्रावती – चंद्रपुर रेलवे यात्री संघ के अध्यक्ष राजेंद्र मर्दाने, सामाजिक कार्यकर्ता सुभाष दांदले, अतुल वानखेड़े और पत्रकार चेतन लुतडे सहित अन्य नागरिक उपस्थित थे.

ब्रिटिशकालीन पुलिया का विस्तार करें, नए अंडरपास का निर्माण हो!
      – पार्षद बंडू देऊलकर ने उठाई मांग

    वरोरा शहर की बढ़ती आबादी और रेलवे स्टेशन के दोनों ओर तेजी से हुए शहरी विस्तार के कारण सरदार पटेल वार्ड स्थित ब्रिटिशकालीन रेलवे पुलिया यातायात का प्रमुख मार्ग बन गई है. हालांकि, पुलिया की कम ऊंचाई और संकरे मार्ग के कारण नागरिकों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
इस समस्या के समाधान के लिए ब्रिटिशकालीन पुलिया का आवश्यक विस्तार करने, नए रेलवे अंडरपास का निर्माण करने तथा यातायात के लिए वैकल्पिक पुल बनाने की मांग पार्षद एवं सामाजिक कार्यकर्ता बंडू देऊलकर ने की.
इस संबंध में उन्होंने सहायक मंडल अभियंता सुबोध कुमार को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की. उन्होंने कहा कि शहर में बढ़ते यातायात और नागरिकों की जरूरतों को देखते हुए रेलवे प्रशासन को इस समस्या का स्थायी समाधान निकालना चाहिए.

वरोरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव बढ़ाए जाएं!

– यात्री संघ के अध्यक्ष राजेंद्र मर्दाने ने उठाया महत्वपूर्ण मुद्दा

    वरोरा रेलवे स्टेशन को डेढ़ सौ वर्षों का ऐतिहासिक गौरव प्राप्त होने जा रहा है. कभी टर्मिनल के रूप में पहचाने जाने वाले इस स्टेशन पर आज भी कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव का अभाव है. यह स्थिति स्थानीय यात्रियों के लिए असुविधाजनक है. वरोरा – भद्रावती – चंद्रपुर रेलवे यात्री संघ के अध्यक्ष राजेंद्र मर्दाने ने जनसंवाद कार्यक्रम में यह मुद्दा उठाया.
उन्होंने बताया कि वर्तमान में वरोरा रेलवे स्टेशन पर केवल सात ट्रेनों का ठहराव है, जिनमें तीन दैनिक और चार साप्ताहिक ट्रेनें शामिल हैं. क्षेत्र में यात्रियों की बढ़ती संख्या और उनकी आवश्यकताओं को देखते हुए यहां महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव बढ़ाना आवश्यक है.
राजेंद्र मर्दाने ने कहा कि वरोरा रेलवे स्टेशन पर अधिक ट्रेनों के ठहराव की मांग रेलवे यात्री संघ द्वारा पिछले कई दशकों से की जा रही है, लेकिन इस मांग की अपेक्षित रूप से अनदेखी हो रही है.
उन्होंने यात्रियों की सुविधा के लिए कोरोना काल में बंद की गई ट्रेनों को पुनः शुरू करने, प्लेटफॉर्म क्रमांक – २ पर शेड लगाने तथा दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप और लिफ्ट की व्यवस्था करने की मांग भी रखी.
इन सभी मांगों एवं सुझावों को लिखित रूप में प्रस्तुत करते हुए उन्होंने संबंधित ज्ञापन सहायक मंडल अभियंता को सौंपा.
जनसंवाद में उठे मुद्दों पर अब रेलवे प्रशासन की भूमिका अहम
रेलवे जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय नागरिकों ने स्टेशन की मूलभूत सुविधाओं, यातायात संबंधी समस्याओं तथा ट्रेनों के ठहराव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर रेलवे प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया.
नागरिकों ने उम्मीद जताई कि जनसंवाद में प्राप्त सुझावों और मांगों पर रेलवे प्रशासन गंभीरता से विचार करेगा तथा यात्रियों की सुविधाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाएगा.
अब देखना यह है कि वरोरा के रेल यात्रियों की वर्षों पुरानी मांगों और जनसंवाद में उठाए गए मुद्दों पर रेलवे प्रशासन कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है.